रांची में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या अब 14 हो गई।
- फोटो : पीटीआई
झारखंड की राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में एक व्यक्ति बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिसे मिलाकर रांची में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या अब 14 हो गई है जबकि पूरे झारखंड में रोगियों की संख्या बढ़कर अब 28 हो गई है।
हिंदपीढ़ी इलाके में आज संक्रमित मिले रोगी का तब्लीगी जमात से संबंध बताया गया, जिसके बाद अब तक जमात के और उनके माध्यम से संक्रमित होने वालों की कुल संख्या 25 तक पहुंच गई है।
रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक डॉ डीके सिंह ने आज हिंदपीढ़ी के एक मरीज के संक्रमित होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आज संक्रमित पाया गया व्यक्ति भी तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होकर रांची लौटे लोगों के संपर्क में आने से ही संक्रमित हुआ है। इससे पूर्व मंगलवार को झारखंड में कोरोना संक्रमण के तीन और मामले मिले थे, जिनमें से दो रांची के हिंदपीढ़ी के और एक सिमडेगा जिले का मामला था।