झारखंड मंत्रालय में बैठक लेते मुख्यमंत्री रघुवर दास
रांची शहर में यातायात की बढ़ती समस्या पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राजधानी के अहम चौराहों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रीडर (एएनपीआर) सिस्टम लगाए जाएं जिससे ताकि ट्रैफिक नियम तोड़नेवाली गाड़ियों का नंबर खुद से कैद हो जाए। दास मंत्रालय में राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था और स्वच्छता के मुद्दे पर बैठक ले रहे थे।
झारखंड के सीएम रघुवर दास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस नीति बनाई जाए और ये सुनिश्चित किया जाए कि वे जमीनी स्तर पर ठीक से लागू हों। दास ने रांची रेलवे स्टेशन रोड पर ट्रैफिक कम करने के लिए डोरंडा की तरफ से एक नई सड़क का निर्माण कर स्टेशन तक जोड़ने का निर्देश दिया, ताकि डोरडा के निवासियों को घूम के स्टेशन ना आना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जनभागीदारी की अपील करें ताकि लोगों के सहयोग से राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और जाम मुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि शहर में बेतरतीब यातायात को सुचारू करने के लिए अधिकारी गण रिक्शा और इलेक्टिक रिक्शा चालकों, ऑटो चालकों और दुकादारों के साथ बैठक कर जनभागीदारी की योजना समझाएं।
रघुवर दास ने शहर में यातायात सुधारने को काफी गंभीरता से लिया है। दुकान के बाहर सामान से सड़क का अतिक्रमण एक बड़ी समस्या है। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि सड़क पर दुकानदारों के अतिक्रमण को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पहले चेतावनी दें और उसके बाद कानूनी कार्रवाई करें। शहर में चलने वाली तमाम सवारी गाड़ियों के लिए भी उन्होंने यही रूख अख्तियार करने को कहा। निर्धारित स्टैंड के अलावा सवारी गाड़ियों के रुकने पर उन्हें जब्त करने का नियम बनाएं। यातायात नियंत्रित नहीं होने पर हर इलाके में पुलिस इंचार्ज और ट्रैफिक पुलिस को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। दास ने कहा कि नियमों को लागू करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा नहीं तो वे दंड के भागी होंगे।