लड़की को पीटते हुए बरहेट थाना प्रभारी
- फोटो : ANI
साहिबगंज के बरहेट थाना प्रभारी हरीश पाठक को थाना परिसर पहुंची एक लड़की को पीटते और गाली देते हुए वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी डीएसपी को दी गई है। डीजीपी एमवी राव ने दो दिनों के अंदर जांच पूरी करने का आदेश बरहरवा डीएसपी को दिया है।
दरअसल, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को ट्विटर पर वायरल एक वीडियो का संज्ञान लिया था, जिसमें साहिबगंज जिले के बरहेट थाने के एक पुलिस अधिकारी को एक युवती को थप्पड़ मारते और बाल खींचते देखा गया था।
सीएम सोरेन ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एमवी राव को टैग करते हुए ट्वीट किया, 'यह सरासर अनुचित और शर्मनाक कृत्य है, जो बर्दाश्त के काबिल नहीं है। मामले की जांच करते हुए दोषी प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें एवं सूचित करें। मुख्यमंत्री ने लोकप्रिय फिल्म निर्देशक अविनाश दास के एक ट्वीट जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो को भी साझा किया था, रीट्वीट करते हुए यह कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि लड़की कथित रूप से दलित समुदाय से थी और प्रेम विवाह से संबंधित एक मामले में पुलिस स्टेशन में गई थी।
डीजीपी एमवी राव ने बाद में ट्वीट का जवाब दिया 'सर, अधिकारी को निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। डीएसपी बरहरवा को कल शाम तक पूछताछ करने और रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट मिलने पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की सुरक्षा के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं।'