राजद प्रमुख लालू यादव के रांची के रिम्स अस्पताल के निदेशक के केली बंगले में रहने पर भाजपा ने सवाल उठाया है। झारखंड भाजपा ने सवाल पूछते हुए कहा कि रिम्स के नए निदेशक कार्य संभालने के बाद गेस्ट हाउस में रह रहे हैं, लेकिन चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू प्रसाद यादव निदेशक बंगले में क्यों रहे हैं? भाजपा ने कहा कि अब लालू यादव को वापस जेल भेजना चाहिए।
रविवार को रिम्स अस्पताल में डॉ. कामेश्वर प्रसाद ने निदेशक के रूप में पद संभाला। जिसके बाद वह स्टेट गेस्ट हाउस में रहने चले गए। जिसे लेकर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि यह विडंबना है कि अस्पताल का निर्देशक गेस्ट हाउस में रह रहा है और कैदी उनके बंगले में अच्छे-से रह रहा है। उन्होंने सवाल किया कि गेस्ट हाउस का एक दिन का किराया 800 रुपये है। सरकार एक आरोपी के लिए सार्वजनिक धनराशि क्यों खर्च कर रही है?
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने पूछा कि 'जेल की सजा काट रहे एक आरोपी केली में क्यों रह रहा है? उन्होंने कहा कि अगस्त में कोरोना वायरस के मामले में तेजी आई थी, तब लालू यादव को वाॅर्ड से शिफ्ट कर दिया गया था। अब कोरोना के मामलों में कमी आ गई है और कैदी को निर्देशक के बंगले से जेल भेजा जाना चाहिए।
झारखंड जेल के प्रभारी महानिरीक्षक ने कहा कि लालू यादव को शिफ्ट करने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं आया है। कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा।
लालू प्रसादव का इलाज कर रहे डॉ. उमेश प्रसाद ने कहा कि उन्हें 16 तरह की बीमारियां हैं और उन्हें नियमित निगरानी की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 'हमने स्वास्थ्य दस्तावेज जमा कर दिए हैं और अदालत के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं।'