भाजपा में अपनी पार्टी झाविमो (प्र) का विलय करने वाले बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश की हेमंत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार कोई काम नहीं कर रही है और केवल बहाने बना रही है।
सोमवार को भाजपा में अपनी पार्टी के विलय के बाद पहली बार प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे राज्य के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह सरकार केवल बहाने बना रही है, कोई काम नही कर रही। जबकि उसे चुनावों में जनता से किए अपने वादों पर अमल करना चाहिए।
मरांडी ने पूर्ववर्ती सरकार की योजनाओं की जांच कराने से संबंधित हेमंत सरकार की घोषणा पर कहा कि जांच कराने से सरकार को किसने रोका है, सरकार जिस स्तर पर चाहे उसे जांच कराना चाहिए।भाजपा के एक नेता ने बताया कि मरांडी दिन में भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।