झारखंड में सहायक कारापाल के 84 पदों पर भर्ती के लिए 56,304 अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच 28 अक्तूबर से शुरू होगी। जांच रांची, हजारीबाग और दुमका में होगी। रांची में 25,215, हजारीबाग में 19,926 और दुमका में 11,163 अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित है।
झारखंड में सहायक कारापाल के 84 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत 56,304 अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच 28 अक्तूबर से शुरू होगी। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय के महानिरीक्षक ने शारीरिक जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी और पूरा शेड्यूल जारी किया है। इस भर्ती प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए राज्य में तीन चयन समितियां गठित की गई हैं। यह शारीरिक परीक्षण रांची, हजारीबाग और दुमका जिलों में निर्धारित परीक्षा स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।
विज्ञापन
तीन केंद्रों पर अभ्यर्थियों का विभाजन
अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अलग-अलग केंद्रों पर तिथियां और अभ्यर्थियों की संख्या निर्धारित की है। रांची केंद्र पर सबसे अधिक 25,215 अभ्यर्थी शारीरिक जांच में शामिल होंगे, जहां यह प्रक्रिया 13 नवंबर तक संचालित की जाएगी। इसके बाद हजारीबाग केंद्र पर 19,926 उम्मीदवारों की जांच की जाएगी, जो सात नवंबर तक चलेगी। दुमका केंद्र पर 11,163 अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच की व्यवस्था की गई है और वहां यह प्रक्रिया तीन नवंबर तक पूरी होगी।
प्रतिदिन 20 बैच में होगी शारीरिक जांच
पुलिस मुख्यालय ने गठित चयन समितियों को प्रतिदिन निर्धारित संख्या में अभ्यर्थियों का परीक्षण करने का स्पष्ट निर्देश जारी किया है। इसके तहत प्रतिदिन 20 बैच में अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच पूरी कराई जाएगी। हर दिन प्रत्येक बैच में 100-100 उम्मीदवारों को शामिल किया जाएगा।
इस प्रकार प्रतिदिन प्रत्येक केंद्र पर दो हजार अभ्यर्थियों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। सहायक कारापाल भर्ती के लिए आयोजित इस प्रक्रिया में कुल 56,304 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी केंद्रों को मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।