कोरोना से बचने के लिए मास्क लगाए लोग
- फोटो : पीटीआई (फाइल)
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच झारखंड सरकार ने मास्क न पहनने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का फैसला किया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को सभी जिला स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह एक अभियान चलाएं जिसमें इस बात की पड़ताल की जाए कि कौन मास्क नहीं पहन रहा है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार झारखंड में इस समय कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 599 सक्रिय मामले हैं। इसके अलावा राज्य में कोरोना से संक्रमित हुए एक लाख 19 हजार 160 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। राज्य में अभी तक कोरोना के चलते कुल 1094 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना संक्रमण के 90 नए मामले सामने आए हैं।
पूरे देश की बात करें तो गुरुवार की सुबह तक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 35,871 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही 172 लोगों की इस जानलेवा महामारी के चलते मौत हुई। बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश में कोरोना की बिगड़ती स्थिति को लेकर सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी।