झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार को संपन्न हो गया और इसके साथ ही विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने बजट सत्र के समापन पर बताया कि 17 जनवरी को प्रारंभ हुए बजट सत्र में 15 की बजाय कुल 14 कार्य दिवस हुए।
उन्होंने बताया कि इसमें 65 ध्यानाकर्षण सूचनाएं स्वीकार की गईं। बजट सत्र के दौरान कुल 1065 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुईं और इनमें से 947 स्वीकृत हुए। उन्होंने यह भी बताया कि इस सत्र के लिए 72 प्रतिशत प्रश्नों के उत्तर विधानसभा सचिवालय में आनलाइन प्राप्त हुए।
इससे पूर्व पिछले दो वर्षों में विपक्ष के हंगामे के चलते राज्य विधानसभा अधिकतर सत्र बाधित रहे थे। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बजट सत्र के दौरान 85429 करोड़ रुपये का आगामी वित्तीय वर्ष का बजट पेश किया जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।