JAC Board 10th Result 2025: झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी कर दिया है। शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने मंगलवार को रिजल्ट जारी किया। 2025 मैट्रिक एग्जाम में 91.71 प्रतिशत छात्र सफल रहे हैं। 98.60% मार्क्स के साथ हजारीबाग इंदिरा गांधी बालिका हाईस्कूल की छात्रा गीतांजलि टॉपर बनी हैं।
झारखंड अधिविद्य परिषद् (जैक बोर्ड) की दसवीं बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम आज मंगलवार को जारी कर दिया गया। परीक्षा परिणाम को लेकर प्रदेश की राजधानी रांची स्थित जैक बोर्ड के मुख्य कार्यालय में सुबह करीब 11:20 बजे कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य रूप से शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन और जैक बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा शामिल हुए। इस दौरान मंत्री सोरेन और जैक अध्यक्ष हांसदा ने संयुक्त रूप से परिणाम घोषित किया। दोपहर 12:20 बजे के बाद जैक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम प्रकाशित किए गए। बता दें कि टॉप-5 में 14 छात्र हैं, जिनमें 12 लड़कियां हैं। इन 12 लड़कियों में भी 11 हजारीबाग इंदिरा गांधी बालिका हाईस्कूल की छात्राएं हैं।
विज्ञापन
कितना रहा परीक्षा परिणाम
जैक बोर्ड 2025 की मैट्रिक परीक्षा का परिणाम 91.71 प्रतिशत रहा है। परीक्षा देने वाले 4 लाख 31488 बच्चों में से 3 लाख 95 हजार 755 पास हुए हैं। 2 लाख 2140 बच्चे फर्स्ट, 1लाख 57294 सेकेंड और 17 हजार 521 बच्चे थर्ड डिवीजन से पास हुए हैं।
पिछले साल कैसा था परीक्षा परिणाम
वर्ष 2024 में दसवीं के परिणाम 19 अप्रैल को घोषित किए गए थे। उस वर्ष कुल पास प्रतिशत 90.39% था। विद्यार्थियों की संख्या की बात की जाए तो जैक 10वीं परीक्षा के लिए कुल 4.21 लाख परीक्षार्थियों ने नामांकन कराया था, जिनमें से 4.18 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे और 3.78 लाख छात्र परीक्षा में सफल हुए थे। लड़कों का पास प्रतिशत 89.70% था, जबकि लड़कियों का पास प्रतिशत 91% था।
4.33 लाख से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा
इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में कुल 4,33,890 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जो कि 2024 के मुकाबले लगभग 12,000 छात्रों की वृद्धि को दर्शाता है। यह राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ती जागरूकता और भागीदारी को भी दर्शाता है।