वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने रविवार को दावा किया कि झारखंड में राज्यसभा की दोनों सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत तय है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गठबंधन के सभी 56 विधायकों की रविवार शाम बैठक बुलाई है, जिसमें राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी। राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और अजय शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि हम यहां दोनों सीटें जीतने जा रहे हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन के दोनों उम्मीदवार सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस ने शुक्रवार को वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी प्रणव झा को राज्यसभा की एक सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किया था। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है।
18 जून को होगा मतदान
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो चुकी है और नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून है। मतदान 18 जून को होगा। उधर, भारतीय जनता पार्टी ने एक सीट पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा तो की है, लेकिन अभी नाम का ऐलान नहीं किया है। इन चुनावों में जीत के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता होगी।
जानें झारखंड विधानसभा में दलों की स्थितियां
इंडिया गठबंधन: 56 विधायक
जेजेएम: 34
कांग्रेस: 16
आरजेडी: 4
सीपीआई( एमएल) लिबरेशन: दो
एनडीए: 24 विधायक
भाजपा: 21
एलजेपी (रामविलास): एक
एजेएसयू पार्टी: एक
जेडी(यू): एक
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा : एक विधायक
गौरतलब है कि एक राज्यसभा सीट शिबू सोरेन के निधन के कारण रिक्त हुई है, जबकि दूसरी सीट पर भाजपा सांसद दीपक प्रकाश का छह वर्षीय कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।