सेल के इस्को बर्नपुर स्टील प्लांट में पूर्व अधिकारियों के लिए सलाहकार के 14 पदों पर अनुबंध आधारित भर्ती शुरू हुई है। पात्र सेवानिवृत्त अधिकारी 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयन साक्षात्कार के जरिए होगा। नियुक्ति छह महीने के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर बढ़ाया जा सकता है।
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र ने अपने पूर्व अधिकारियों के लिए सलाहकार के पदों पर अनुबंध आधारित नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की है। इस भर्ती योजना के अंतर्गत बोकारो स्टील प्लांट सहित सेल की विभिन्न इकाइयों से सेवानिवृत्त हुए पूर्व कनीय प्रबंधक से लेकर पूर्व महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों को फिर से सेवा का अवसर दिया जा रहा है। संयंत्र प्रशासन कुल 14 पदों पर पूर्व अधिकारियों को बहाल करेगा। अर्हता रखने वाले इच्छुक उम्मीदवार बर्नपुर इस्पात संयंत्र स्थित महाप्रबंधक कार्मिक ओडी के कार्यालय में 30 सितंबर 2026 तक अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। अभ्यर्थियों के आवेदन जमा होने के उपरांत साक्षात्कार प्रक्रिया आयोजित की जाएगी और साक्षात्कार में सफल रहने वाले अधिकारियों को सलाहकार पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
विज्ञापन
पहले नियुक्ति छह महीने के लिए
सेल के इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में सलाहकार पदों की कुल 14 रिक्तियां निकाली गई हैं। प्रोजेक्ट सिविल में दो, प्रोजेक्ट हॉट स्ट्रिप मिल में दो, प्रोजेक्ट इलेक्ट्रिकल में दो और प्रोजेक्ट फाइनेंस में दो सलाहकारों का चयन होगा। इसके अतिरिक्त, प्रोजेक्ट सेफ्टी, वर्कस सेफ्टी, वर्कस पावर, वर्कस वायर रोड मिल, वर्कस यूआरएम तथा ऊर्जा प्रबंधन विभाग में एक-एक अधिकारी की सलाहकार के रूप में तैनाती की जाएगी। चयनित अधिकारियों को आरंभ में छह माह के समय के लिए नियुक्त किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों की विभागीय कार्यप्रणाली और प्रदर्शन का अवलोकन किया जाएगा, जिसके आधार पर अनुबंध की मियाद को एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है।
अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष
इस भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है। भर्ती नियमों के तहत ऐसे पूर्व अधिकारी जिन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया हो अथवा जिन्हें कंपनी प्रबंधन द्वारा स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति या अनिवार्य सेवानिवृत्ति प्रदान की गई हो, वे इस आवेदन के पात्र नहीं माने जाएंगे। इसके साथ ही, ऐसे सेवानिवृत्त अधिकारी जिन्हें अपनी सेवा के अंतिम तीन वर्षों की अवधि के दौरान सी ग्रेड प्राप्त हुआ हो, उन्हें भी सलाहकार पद के लिए अयोग्य घोषित किया गया है।
विज्ञापन
मानदेय तथा दी जाने वाली सुविधाएं
चयनित सलाहकारों को उनके पूर्व पदों के आधार पर प्रतिमाह निश्चित वेतनमान और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। पूर्व कनिष्ठ प्रबंधक से लेकर पूर्व प्रबंधक स्तर के अधिकारियों को 50 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। पूर्व वरिष्ठ प्रबंधक को 60 हजार रुपये, पूर्व सहायक महाप्रबंधक को 70 हजार रुपये और पूर्व उप महाप्रबंधक को 80 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। पूर्व महाप्रबंधक को 1 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन के रूप में दिए जाएंगे। चयनित सलाहकारों को रहने के लिए आवास और मोबाइल फोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।