झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना IAS वंदना डाडेल को महंगी पड़ सकती है। सरकार के कार्मिक विभाग ने इस मामले में डाडेल से 15 दिनों के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा है। बता दें कि पंचायती राज सचिव वंदना डाडेल ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा था कि सरकारी कार्यक्रमों में आदिवासियों के धर्म परिवर्तन पर जिस तरह की टिप्पणी होती है, इससे मन में सवाल उठता है।
20 अक्टूबर को दुमका में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा था कि कुछ लोग हमारी हिन्दू संस्कृति और परंपरा को नष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं। लालच या प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराना अपराध है। इस कार्यक्रम में पंचायती राज सचिव वंदना डाडेल भी मौजूद थीं।
वंदना डाडेल 1996 बैच की आइएएस अफसर हैं। वर्तमान में डाडेल पंचायती राज सचिव के पद पर पदस्थापित हैं। सीएम के कार्यक्रम के बाद वंदना डाडेल ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, "क्या? अब आदिवासियों को अपने मन मुताबिक धर्म चुनने का भी अधिकार नहीं है। डाडेल का यह पोस्ट फेसबुक पर वायरल हो गया था।
झारखंड सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि वंदना डाडेल के जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कारण बताओ नोटिस पर वंदना डाडेल ने कहा कि हम सरकार को नोटिस का जवाब देंगे।