Jharkhand: मिलन समारोह में छात्रों का जोश देखते ही बन रहा था। सभी ने मिलकर होली की खुशियाँ साझा कीं। आयोजन को सफल बनाने में कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, अध्यक्ष ओम वर्मा, ऋषभ, रौशन और अन्य विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।
रंगों का पर्व होली उत्साह और खुशियों का प्रतीक है। झारखंड की राजधानी रांची में होली को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न संस्थानों और संगठनों द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (रांची कॉलेज) में आजसू छात्र संघ और झारखंड छात्र दल द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं उमंग और उल्लास के साथ शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
विज्ञापन
दो कुलपति एक मंच पर, छात्रों का बढ़ाया उत्साह
होली मिलन समारोह में छात्रों का उत्साह बढ़ाने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति तपन कुमार सांडिल्य और रांची विश्वविद्यालय के कुलपति अजीत कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों कुलपतियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और छात्रों को शुभकामनाएँ दीं।
इस मौके पर रांची विश्वविद्यालय के कुलपति अजीत कुमार सिन्हा ने कहा, "मैं भी इसी संस्थान से पढ़ा हूँ। जब यह रांची कॉलेज हुआ करता था, तब की कई यादें इससे जुड़ी हुई हैं। यह देखकर खुशी होती है कि आज भी यहां के विद्यार्थियों में वही जोश और उमंग बनी हुई है। सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ। मेरी कामना है कि आप जीवन में सफलता हासिल करें।"
विज्ञापन
वहीं, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति तपन कुमार सांडिल्य ने कहा, "होली रंगों का त्योहार है और यह प्रेम, सौहार्द और तरक्की का संदेश देता है। आशा करता हूँ कि आप अपने जीवन को भी तरक्की के रंगों से सजाएँगे।" उन्होंने सफल आयोजन के लिए आजसू छात्र संघ और झारखंड छात्र दल के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
छात्रों में दिखा खास उत्साह, कई गणमान्य रहे मौजूद
मिलन समारोह में छात्रों का जोश देखते ही बन रहा था। सभी ने मिलकर होली की खुशियाँ साझा कीं। आयोजन को सफल बनाने में कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, अध्यक्ष ओम वर्मा, ऋषभ, रौशन और अन्य विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। मौके पर आजसू के केंद्रीय प्रवक्ता देव शरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, पूर्व विधायक लंबोदर महतो समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।