झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू
- फोटो : Social Media
झारखंड में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कहा कि कोरोना वायरस महामारी से लोगों की सुरक्षा के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी से निपटने के लिए रणनीति बनाकर वह हर मोर्चे पर काम कर रही है।
राज्यपाल ने देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस पर परेड की सलामी लेने के बाद कहा, ‘हम सब जानते हैं कि वर्तमान में पूरा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा है। हमारा देश एवं राज्य भी इससे अछूता नहीं है। इस महामारी की विभीषिका के कारण पूरे विश्व में करोड़ों लोग संक्रमित हुए हैं और लाखों लोगों की अकाल मृत्यु हुई है। इस मुश्किल घड़ी में हमारी सरकार इस त्रासदी से निबटने के लिए रणनीति बनाकर हर मोर्चे पर काम कर रही है और इस लड़ाई में हमें राज्य की जनता का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।’
उन्होंने कहा, ‘कोरोना वायरस महामारी के विरूद्ध इस लड़ाई में हमारे चिकित्सकों, चिकित्साकर्मियों, स्वच्छताकर्मियों तथा पुलिसबल के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। इन लोगों के दिन-रात की मेहनत और निःस्वार्थ सेवा के कारण ही हम इस त्रासदी के कुप्रभाव को कम करने में काफी हद तक सफल हुए हैं।’
मुर्मू ने कहा, ‘स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज मैं, कोरोना वायरस महामारी के विरुद्ध लड़ाई में कार्यरत लोगों का हृदय से अभिनन्दन करती हूं और उनके जज्बे को सलाम करती हूं।’ उन्होंने कहा, ‘लॉकडाउन के चलते विभिन्न राज्यों में फंसे झारखंड के प्रवासी श्रमिकों एवं छात्रों को वापस लाने के लिए हमारी सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। सभी राज्यों के लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया, जिनके द्वारा अन्य राज्यों से समन्वय स्थापित कर श्रमिकों को अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचाने में आवश्यक सहायता प्रदान की गई। साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा राज्यस्तरीय कंट्रोल रूम का संचालन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों एवं जिलों में फंसे आम जनों के द्वारा सम्पर्क स्थापित किया गया एवं उन्हें अपेक्षित सहयोग एवं परामर्श दिया गया।’