3डी और 4डी तकनीक से बहुत आगे भारत में अब पहली बार 11डी थियेटर खुलने जा रहा है। यह थियेटर 18 जुलाई से झारखंड की राजधानी रांची में खुलेगा।
इस 11डी थियेटर को खोलने जा रहे शिप्रा एंटरटेनमेंट्स का दावा है कि इसमें स्क्रीन पर होने वाली गतिविधियां और गहराई से महसूस होंगी और जीवंत अनुभव देंगी।
कंपनी का दावा है कि यह तकनीक दर्शकों को स्क्रीन पर दिखने वाली रोशनी, बारिश, बर्फ, धुंए और बब्ल्स का असल में आभास कराएगी।
साथ ही यहां पर फिल्म देखते हुए विस्फोट, सुगंध, सीट वाइब्रेटर, खास रोशनी और पैरों में गति का अहसास होगा। इस थियेटर का नाम 'गूजबम्पस' रखा गया है।
शिप्रा एंटेरटेनमेंट की मालिक पारुल सिंघल का कहना है कि यह पहला मल्टीफंक्शनल थियेटर है।
कंपनी के टीम लीडर जितेंद्र सिंघल दावा करते हैं कि यह पहला ऐसा थियेटर होगा जो 16 स्पेशल इफेक्ट्स का अनुभव कराएगा।
20-30 मिनट की होंगी फिल्म
इस थियेटर में पूरी फिल्म न दिखाकर केवल 20 या 30 मिनट की फिल्म ही दिखाई जाएगी जो जंगली जीवन, वातावरण और अन्य विषयों पर आधारित होंगी।
जितेंद्र बताते हैं कि थियेटर में एक शो के दौरान 24 सीटें होंगी और टिकट 150 से 175 रुपए तक होगी। यहां रोजाना 24 शो होंगे।