झारखंड के धनबाद शहर में फर्जी लेबर अफसर बनकर शहर की दुकानों में वूसली करने वाला युवक पकड़ा गया है। युवक के पास से कई तरह के फर्जी आईकार्ड भी बरामद हुए हैं।
खुद को लेबर अफसर बताने वाला 26 वर्षीय युवक बोकरो सेक्टर 12 निवासी आरपी तिवारी का पुत्र विवेक कुमार तिवारी है। शुक्रवार को पुराना बाजार चैंबर के लोगों ने युवक को वसूली करते समय पकड़कर बैंकमोड़ पुलिस के हवाले किया। पुलिस की युवक से पूछताछ जारी है।
आरोपी युवक ने पिछले पांच दिनों में पुराना बाजार, बैंक मोड़ और वासेपुर के क्षेत्र में मुआयना किया था। उसके बाद वह पुराना बाजार के रतनजी रोड स्थित विशुन देव की चाय दुकान पहुंचा और छोटे बच्चों से काम कराने के नाम पर उनसे 2300 रुपए ठगे।
युवक पुराना बाजार पानी टंकी के पास दीपक साव की चाय दुकान पर भी गया और वहां से उसने 2000 हजार रुपया ठगे। इसी तरह युवक ने वासेपुर व अन्य दुकानों से करीब आठ हजार रुपयए की उगाही की।
इसी दौरान उसने शुक्रवार को फिर से विशुनदेव की चाय दुकान पर जाकर रुपये की मांग की तो विशुनदेव ने चैंबर के लोगों को इसकी सूचना दे दी। चैंबर के सदस्यों ने आकर युवक को पकड़ कर बैंकमोड़ पुलिस के हवाले कर दिया।