झारखंड पार्टी (झापा) के नेता और पूर्व मंत्री एनोस एक्का की करीब 100 रुपये की कीमत की 64 संपत्तियों को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जब्त कर लिया है। ये सभी संपत्तियां पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के राजगंज प्रखंड में हैं। एनोस की पत्नी मेनोन और नीरज कुमार के नाम से अर्जित इन संपत्तियों में एक आलीशान रिसॉर्ट, चाय बागान और 78.37 एकड़ जमीन शामिल है। जानकारी के अनुसार, ये संपत्तियां मेसर्स मोटरिस्ट इन (प्राइवेट) लिमिटेड के नाम से खरीदी गई हैं। मेनोन एक्का इस कंपनी की निदेशक हैं।
कंपनी का पता जलपाईगुड़ी जिला के करजीपाड़ा क्षेत्र के पानगाबट्टाला गांव में दिखाया गया है। जमीन के 25 प्लॉट किस्मत सुखानी, बहादुर और सातखामर मौजा में हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने ईडी ने रांची एयरपोर्ट के पास स्थित एनोस एक्का की 5 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की थी। इसके अलावा सरकुलर रोड में हरिओम टावर के पांचवें तल पर स्थित फ्लैट संख्या 1/5 को भी सील कर दिया था। एक्का की दो और संपत्तियों को भी सील किया गया था।
फिलहाल रांची जेल में बंद एनोस एक्का कोलेबिरा के विधायक थे। हत्या के एक मामले में सजायाफ्ता होने के बाद उनकी विधायक की सदस्यता खत्म हो गयी थी। वह मधु कोड़ा मंत्रिमंडल में मंत्री भी रहे। इसी दौरान उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगे। उनकी पत्नी भी इस मामले की आरोपी हैं।