झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड के लाडाघुट्टु गांव में करमा जावा डाली विसर्जन के दौरान मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। विसर्जन के बाद नहर में नहाने गए आठ वर्षीय ऋतिक तुरी की गहरे पानी और दलदल में फंसकर डूबने से मौत हो गई।
झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड में करमा पर्व के दौरान मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। करमा जावा डाली विसर्जन के बाद नहर में नहाने गए एक आठ वर्षीय मासूम की डूबकर मौत हो गई। हादसे की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बरहेट प्रखंड के लाडाघुट्टु गांव निवासी हिरदा तुरी का पुत्र ऋतिक तुरी (8 वर्ष) अपनी बहनों और अन्य बच्चों के साथ करमा डाली विसर्जन के लिए निकला था। विसर्जन के बाद बच्चे पास की नहर में नहाने लगे। इस दौरान ऋतिक नहर के गहरे पानी और दलदल में फंस गया और डूबने लगा। मासूम को पानी में डूबता देख अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे ग्रामीण तुरंत नहर में कूद पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद ऋतिक को बाहर निकाला गया।
परिजन आनन-फानन में ऋतिक को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरहेट पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद करमा पर्व की रौनक गम में बदल गई। गांव भर में मातम का माहौल है और परिवार के लोग बेसुध होकर रो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे अवसरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।