फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देवघर बस हादसा: मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख व घायलों को 20-20 हजार रुपये मुआवजा, मंत्री इरफान ने की घोषणा

Tue, 29 Jul 2025 04:16 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देवघर/रांची

सार

Deoghar Bus Accident: मंत्री ने बताया कि घायलों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा और मृतकों के शवों को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने का सारा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड सरकार मृतकों और घायलों के परिजनों को हर संभव मदद पहुंचाएगी।
विज्ञापन
घायलों का हाल चाल जानते स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया मोड़ के पास आज सुबह (29 जुलाई) कांवड़ियों से भरी बस और गैस सिलेंडर से लदे ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद झारखंड सरकार ने पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।

राज्य सरकार की ओर से आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को बीस-बीस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह घोषणा झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने की है।

मंत्री इरफान अंसारी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उन्हें वापस तो नहीं लाया जा सकता, लेकिन सरकार की ओर से दी जा रही सहायता राशि से उनके परिजनों के दुख को थोड़ा कम करने का प्रयास किया जा सकता है।

मंत्री ने बताया कि घायलों का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा और मृतकों के शवों को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने का सारा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड सरकार मृतकों और घायलों के परिजनों को हर संभव मदद पहुंचाएगी।

विज्ञापन


पढ़ें:  PM मोदी ने सड़क हादसे में कांवरियों की मौत पर जताया दुख, CM सोरेन ने हर संभव मदद का दिलाया भरोसा

साथ ही उन्होंने कुछ राजनीतिक दलों पर झूठी सूचनाएं फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मृतकों की संख्या 18 बताकर सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि ऐसा नहीं है। दिल्ली में बैठे कुछ नेता भ्रामक जानकारी फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं, जनता को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है।

इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जिनकी पहचान सुभाष तुरी (40), दुर्गावती देवी (45), जानकी देवी (35), समदा देवी (40), पीयूष कुमार उर्फ शिवराज (14) और सुमन कुमारी (35) के रूप में की गई है। ये सभी श्रद्धालु बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी थे।

घटना में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें सुशीला देवी, देवकी प्रसाद सहित अन्य शामिल हैं। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब सभी श्रद्धालु देवघर में बाबा बैद्यनाथ को जल चढ़ाने के लिए कांवड़ यात्रा पर निकले थे। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें