झारखंड के धनबाद में गोविंदपुर पुलिस थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर गया से कोलकाता जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार मंगलवार सुबह एक पुल पर डिवाइडर से टकराकर चालीस फुट नीचे खुडिया नदी में जा गिरी। इसमें सवार दो वर्षीय बच्ची समेत एक ही परिवार के चार लोग तथा कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह कार दुर्घटना सुबह गया से कोलकाता जाते समय धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर हुई जिससे उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि सभी मृतकों की पहचान उनके आधार कार्ड तथा लाइसेंस से की गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार को नदी से निकाला जिसके दरवाजे अंदर से बंद थे। छोटी बच्ची को छोड़कर सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है।
इन सभी के परिजन को कोलकाता में सूचित कर दिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए पाटलीपुत्र मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया गया है।