झारखंड मे बोकारो थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल कोल फील्ड लिमिटेड (सीसीएल) के कथारा परिक्षेत्र के जरंगडीह के क्षेत्रीय गोदाम में आग लगने से लगभग 40 लाख रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। सीसीएल के कथारा परिक्षेत्र के महाप्रबंधक एसके मिश्रा ने बताया कि अभी आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है।
अभी आग लगने से सीसीएल के संपत्ति नुकसान का भी सही आंकलन नहीं हो पाया है। मिश्रा ने कहा कि घटना की जांच के लिए पांच सदस्यों की कमेटी गठित की गई है। कमेटी 48 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट महाप्रबंधक को सौंप देगी। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।