अगस्त- सितंबर में इन पदों पर जारी कर सकती है अधिसूचना
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश में विभिन्न विभागों में पांच हजार के अधिक पदों पर युवा भर्ती परीक्षा का इंतजार कर हैं। इसमें पुलिस कांस्टेबल के 4200 पद, पुलिस सब- इंस्पेक्टर के 700 से अधिक पद, नायब तहसीलदार 75 से अधिक पद, पटवारी के 400 से अधिक पद शामिल हैं। इनमें से पुलिस कांस्टेबल के पद जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) को रेफर किए गए हैं।
प्रदेश के बेरोजगार युवा लंबे समय से इन पदों पर भर्ती परीक्षा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। जेकेएसएसबी संभावता अगस्त-सितंबर तक इन पदों पर अधिसूचना जारी कर सकता है। जेकेएसएसबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल के पद रेफर हुए हैं जबकि अन्य पदों अभी तक रेफर नहीं हुए हैं। जेकेएसएसबी समय रहते भर्ती परीक्षा शुरू करने को लेकर तैयारी कर रहा है। जेकेएसएसबी ने उम्मीदवारों को पुलिस कांस्टेबल के 4200 पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा के लिए तैयार रहने को कहा है। बोर्ड ने एक नोटिस जारी कर उम्मीदवारों को अपने दस्तावेज तैयार रखने की बात कही है। जेकेएसएसबी ने 2023 में पुलिस सब- इंस्पेक्टर के 1200 पद, वित्तीय विभाग में अकाउंट असिस्टेंट के 972 सहित अन्य पदों पर भर्ती परीक्षा पूरी करवाई थी। अब वन विभाग के 523 पदों पर भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया सितंबर से शुरू हो रही है। ऐसे में इसके बाद पुलिस कांस्टेबल, पुलिस सब-इंस्पेक्टर सहित अन्य पदों पर भर्ती परीक्षा होनी है। ब्यूरो