अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कासिम नगर जंगल में संदिग्ध हालात में युवक का शव मिला। वह रविवार सुबह घर से निकला था। परिवार वाले तलाश ही कर रहे थे कि मरने की खबर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिवार को सौंप दिया है।
दरअसल, 25 वर्षीय ऋषभ शर्मा तीन दिन पहले दिल्ली से लौटा था। वहां किसी रिश्तेदार के पास रहता था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वह काली जानी में घर से टहलने के लिए चप्पल और साधे कपड़ों में निकला, लेकिन शाम तक नहीं लौटा। वह मोबाइल फोन भी साथ नहीं ले गया था। देर शाम को परिवार ने परेड पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। बताया कि बेटा लापता हो गया। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और दोस्तों ने भी अपने स्तर पर पता लगाने का प्रयास किया। बाग-ए-बाहु पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कासिम नगर जंगल में शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। जंगल में शौच के लिए गए व्यक्ति ने देखा कि युवक गंदगी में जमीन पर पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। कुछ ही देर बाद परेड पुलिस चौकी ने बाग-ए-बाहु थाने में संपर्क कर युवक की तस्वीर भेजी तो पता चला कि मृतक ऋषभ है। इसके बाद परेड पुलिस चौकी से घर तक जानकारी पहुंची। दो रिश्तेदार बाग-ए-बाहु थाने पहुंचे। उन्हें पुलिस जीएमसी ले गई और पोस्टमार्टम करवाकर शव सौंप दिया।
इकलौता बेटा था रिषब
जानकारी के अनुसर ऋषभ परिवार का इकलौता बेटा था। कई महीने से दिल्ली में रिश्तेदार के पास रहता था। उसे अच्छी नौकरी के लिए घर से भेजा था। बता दें बाग-ए-बाहु पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कासिम नगर जंगल व सिद्दड़ा में हर महीने औसत 2 युवकों की इसी तरह मौत हो रही है। एक साल में 13 युवकों की मौत हो चुकी है। मगर एक भी मामले का भेद खुल नहीं पाया। इसी तरह संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल में युवक मृत मिल रहे हैं।
नशे का गढ़ बन चुके इलाके
कासिम नगर और राजीव नगर नशे का गढ़ बन चुका है। बड़े स्तर पर महिलाओं से लेकर कुख्यात तस्कर तक सक्रिय हैं। कई बार पुलिस की कार्रवाई होने के बावजूद धड़ल्ले से नशा बिकता है।