संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। सीएसआईआर आईआईआईएम जम्मू ने वन वीक वन लैब (ओओओएल) अभियान के तहत अपने परिसर में यंग रिसर्चर मीट कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के 100 से अधिक शोधकर्ताओं ने भाग लिया। अत्याधुनिक शोध पर विचार-मंथन के बाद एक पोस्टर सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान आईआईआईएम के विद्वानों और शोधकर्ताओं ने नवीनतम शोध और प्रयोगात्मक परिणामों पर चर्चा की।
विद्वानों ने संस्थान के लिए अद्वितीय प्रयोगशाला तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए अनुसंधान और विश्लेषणात्मक सुविधाओं का लाइव प्रदर्शन किया। इसके बाद एक इंटरेक्टिव सत्र का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने संस्थान के वैज्ञानिकों के साथ बातचीत की। आरएमबीडी और आईएसटी डिवीजन के डॉ. लव शर्मा और डॉ. मीर असरार ने वाईआरएम कार्यक्रम का समन्वय किया।
300 किसानों ने चठ्ठा फार्म में लिया प्रशिक्षण
राजौरी, जम्मू, कठुआ, सांबा और उधमपुर जिलों के 300 से अधिक किसानों ने सीएसआईआर-अरोमा मिशन चरण-III के तहत आयोजित चट्ठा फार्म में जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्हें औषधीय और सुगंधित पौधों (एमएपी) की खेती, प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन, उत्पाद विकास और विपणन से अवगत कराया गया। किसानों ने आईआईएम के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर संस्थान के निदेशक प्रो. जबीर, सीएसआईआर-अरोमा मिशन के नोडल वैज्ञानिक डॉ. सुमित गैरोला और डॉ. धीरज व्यास समेत अन्य उपस्थित रहे।