अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। घर में खड़ी गाड़ियों का टोल कट रहा है। एक, दो नहीं प्रदेश से ऐसी 12 से ज्यादा शिकायतें नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के पास पहुंची हैं। फिलहाल तकनीकी गलती माना जा रहा है। अथॉरिटी अब जांच करवा रही है। हालांकि एक जैसे नंबर की दूसरी कार टोल से गुजरना कारण नहीं माना गया है। ऑटोमेटिक रीडिंग के कारण ऐसा हो रहा है।
तालाब तिल्लो में घर में खड़ी कार का टोल ठंडी खुई में कट गया। हैरानी उस समय हुई जब टोल कटने का मैसेज मोबाइल पर आया। कमल सिंह ने कहा कि दिन में मैसेज मिला जो 65 रुपये टोल कटने का था। जबकि कार घर में है। ऐसे में टोल कैसे कट गया। इस बारे में जानकारी नहीं मिल रही। मैसेज में उनकी कार का जेके02सी 0981 नंबर अंकित किया है। उन्होंने शक जाहिर किया है कि इस नंबर की कहीं दूसरी कार तो नहीं चल रही। इसी तरह अलग-अलग जगहों में वाहनों के टोल कटे हैं। इससे वाहन मालिकों में हड़कंप है। एनएचआईए के क्षेत्रीय अधिकारी शिव शंकर ने कहा कि जांच चल रही है। अगर किसी का टोल कटा है तो चेक करवा सकते हैं। कई शिकायतें मिल रही हैं।