रोबोट प्रोग्रामिंग पर केंद्रित एक दिवसीय कार्यशाला में भाग लेने वाले विद्यार्थी व अन्य
जम्मू। रोबोट ऑपरेटिंग सिस्टम (आरओएस) का उपयोग कर रोबोट प्रोग्रामिंग पर केंद्रित एक दिवसीय व्यावहारिक कार्यशाला केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में हुई। विवि के इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार विभाग ने इसका आयोजन किया था।
कार्यशाला में आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ कंप्यूटिंग एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर डॉ. राधे श्याम शर्मा संसाधन वक्ता थे। उन्होंने अपनी टीम के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ एक ज्ञानवर्धक व्याख्यान भी दिया। डॉ. शर्मा के सत्र में रोबोटिक्स के विविध अनुप्रयोग पर चर्चा की गई। भूकंप बचाव परिदृश्यों व औद्योगिक कार्यों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
इसके अलावा 3डी बॉक्स पैकिंग में कार्य विसंगतियों का पता लगाने व दूर करने, एआई-आधारित लो पावर, पोर्टेबल, विकिरण-सुरक्षित उपकरणों और अत्याधुनिक सीएसआई सिग्नल कंसंट्रेटर जैसे उन्नत विषयों पर चर्चा की गई। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार विभाग के बीटेक के पहले और तीसरे वर्ष के छात्रों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला का समन्वय डॉ. सुनील दत्त शर्मा ने किया, जबकि कार्यशाला का संचालन डॉ. मिस्बाह ने किया। ब्यूरो