संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। महिला अंडर-23 एक दिवसीय ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर को रविवार को सौराष्ट्र के हाथों पांच विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। जेएंडके के बल्लेबाजों ने फिर निराश किया, जिस कारण पूरी टीम 37.3 ओवर में 103 रन पर सिमट गई। सौराष्ट्र ने कप्तान टी धरनी के ऑलराउंड प्रदर्शन से मुकाबला 27.1 ओवर में 104 रन बनाकर अपने नाम कर लिया।
इससे पहले सचिन तेंदुलकर जिमखाना कांदीविली में जेएंडके की कप्तान अनन्या शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और तीसरी ही गेंद पर शीना सराफ बिना खाता खोले मोनिका विरानी का शिकार बनीं। जेएंडके ने निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाए। कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका। सिर्फ तीन बल्लेबाज बवनदीप कौर (17), शांभवी राजपूत (28) और खुशबू अफताब (14) दहाई के आंकड़ों को छू सके। खिलाड़ियों में तालमेल की कमी के कारण मान्या बनोत्रा (3), मारिया नुरैन (9) और काजल भगत (6) रनआउट हुईं। टी धरनी ने शानदार गेंदबाजी की, जिन्होंने 10 ओवर में मात्र 19 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि मोनिका विरानी, तिषा और सुजान समा को एक-एक विकेट मिला।
जबाव में सौराष्ट्र ने कप्तान टी धरनी 42, आयुषी 29 और पी भाम्बी के 10 रन की बदौलत मुकाबला 27.1 ओवर में जीत लिया। मारिया नुरैन ने 10 ओवर में 36 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि काजल भगत को एक विकेट मिला। जेएंडके की प्रतियोगिता में लगातार दूसरी हार है। पहले मुकाबले में भी ओडिशा के खिलाफ बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।