संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। कप्तान नजला के दमदार अर्धशतक की मदद से केरल ने वीरवार को 22 यार्ड्स साल्ट लेक कोलकाता में आयोजित महिला अंडर-23 टी 20 ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर पर 5 विकेट से जीत दर्ज की। 100 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए केरल के बल्लेबाजों को शुरूआत में संघर्ष करना पड़ा और 4.5 ओवर में स्कोर 19/3 था। हालांकि नजला ने 49 गेंद में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 54 रन की शानदार पारी खेली। सौरब्या पी. ने 15 और जोशिता वीजे ने नाबाद 13 रन का योगदान दिया।
एक समय केरल को आखिरी 5 ओवर में 32 रन की जरूरत थी और 6 विकेट बाकी थे। मधु देवी ने 16वें ओवर में 16 रन देकर केरल के लिए काम आसान कर दिया। आखिरकार केरल ने 18.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जेएंडके के लिए मारिया नूरैन ने 3.4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि अरवीन रियाज और अनन्या शर्मा ने एक-एक विकेट लिया। अरवीन सबसे किफायती गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन दिए।
इससे पहले चित्रा सिंह जम्वाल ने फिर 61 गेंद में 45 रन बनाए, जबकि बावनदीप कौर ने 28 गेंद में 32 रन का योगदान दिया। कप्तान रुद्राक्षी चिब ने 24 गेंद में 15 रन बनाए। केरल के लिए जोशिता वीजे, नजला और अनन्या टीपी ने एक-एक विकेट लिया।