फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Updates: जम्मू-कश्मीर में आफत की बारिश, 6 की मौत, 18 घंटे बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे बहाल

Fri, 22 Jul 2022 02:15 AM IST
विमल शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

खराब मौसम के चलते अलग-अलग हादसों में उत्तर प्रदेश के तीन मजदूरों समेत छह लोगों की मौत हो गई। मां वैष्णो देवी चॉपर सेवा दिनभर प्रभावित रही।
विज्ञापन
जम्मू में बारिश के बीच सड़क पार करते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन हुई मानसून की मूसलधार बारिश आफत की बारिश बनकर सामने आई। नदी-नाले उफान पर हैं। खराब मौसम के चलते अलग-अलग हादसों में उत्तर प्रदेश के तीन मजदूरों समेत छह लोगों की मौत हो गई। मां वैष्णो देवी चॉपर सेवा दिनभर प्रभावित रही। इस बीच भूस्खलन से 18 घंटे से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद रहने से एक हजार से अधिक फंसे वाहनों को दोपहर बाद हाईवे बहाल होने के बाद निकाला गया। इससे हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। 

लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर

लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। चिनाब में जलस्तर काफी बढ़ गया है। इस वजह से सीमावर्ती लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। उधमपुर जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर ब्लॉक घोरडी के अपर बरमीन में बरमीन नाला पार करते समय वीरवार को दो युवक अचानक आई बाढ़ में बह गए। इनमें मृत युवक की पहचान आशिक अली (25) निवासी धंदाल तहसील रामनगर  व घायल की पहचान मुनीर अहमद (22)  निवासी थनूआ उधमपुर के रूप में हुई है।

घायल को जीएमसी में भर्ती कराया गया

घायल को जीएमसी में भर्ती कराया गया। राजोरी जिले की थन्नामंडी तहसील के भगाई इलाके में बुधवार की देर शाम पशु चरा रहे किशोर की पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण मौत हो गई। वहीं राजोरी के डांगरी ब्लॉक में वीरवार की शाम एक कच्चा मकान ढह जाने से अमजद इकबाल नाम के व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उधर बुधवार की रात रामबन के कई हिस्सों में भूस्खलन व पहाड़ों से पत्थर गिरने के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया।

हाईवे पर फंसे वाहनों को निकाला जा रहा

विभिन्न एजेंसियों ने लगातार काम कर 18 घंटे बाद वीरवार दोपहर लगभग तीन बजे यातायात शुरू करा दिया। फिलहाल हाईवे पर फंसे वाहनों को निकाला जा रहा है। जम्मू संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश से नदी नालों का जलस्तर बढ़ा है। जम्मू के ज्यौड़ियां में चिनाब दरिया में लगातार भूमि कटाव हो रहा है। ज्यौड़ियां व रामगढ़ में स्कूलों में पानी भर गया है।

बारिश से पारा छह डिग्री तक लुढ़का, परीक्षाओं का समय बदला

बारिश से जम्मू संभाग के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री गिर गया है। जम्मू में वीरवार की शुरुआत मूसलाधार बारिश के साथ हुई। इस तेज बारिश से कई स्कूलों में परीक्षाओं के लिए समय सारिणी में बदलाव करना पड़ा। बारिश के दौरान बाजारों में सन्नाटा रहा।

कश्मीर के पहाड़ी हिस्सों में बारिश

जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से गिरकर 31.3 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बटोत में दिन का तापमान 22.4, कटड़ा में 25.6, भद्रवाह में 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में दोपहर बाद बूंदाबादी के साथ दिन का पारा 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के पहाड़ी हिस्सों में बारिश हुई है। पहलगाम में दिन का तापमान 24.0 और गुलमर्ग में 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में दिन का पारा 30.2 और कारगिल में 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पुलवामा में ईंटों की दीवार के नीचे दबे श्रमिक

दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के गांव में ईंट-भट्ठे में ईंटों की दीवार के नीचे  दबकर तीन मजदूरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ईंट भट्ठे में तैयार ईंटों को एक दीवार के रूप में इकट्ठा कर रखा गया था। वीरवार को जिस समय मजदूर वहां काम कर रहे थे उसी समय यह दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। तीनों को गंभीर अवस्था में ईंटों के ढेर से निकाल कर अस्पताल ले जाया गया, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया। इनकी शिनाख्त उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी लुकमान खान व राज देव के रूप में हुई है। जबकि कल्बे खान के जिले के बारे में जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।  

आज भी बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार शुक्रवार भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होगी। खराब मौसम के कारण संभावित क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन होगा।

विज्ञापन


स्थान           कितनी बारिश
कटड़ा             98.6 मिलीमीटर
जम्मू                89.8
बटोत              11.2
भद्रवाह            3.2

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें