अरनिया। तीन दिन से हो रही बारिश से शनिवार बाद दोपहर मौसम साफ हो गया। शनिवार को बाद दोपहर उमस व गर्मी से एक बार फिर लोग पसीने से तरबतर होते देखे गए। दूसरी ओर खेतों में जलभराव से किसान सारा दिन धान रोपाई में जुटे रहे।
तिलक राज, प्रीतम चंद, थोडू राम, ब्रेयाम सिंह, कृष्ण सिंह व मनोहर लाल आदि किसानों का कहना है कि बीते तीन दिनों से लगातार बारिश जारी रही, जिससे धान रोपाई में काफी बढ़ोतरी हुई, और शनिवार बाद दोपहर मौसम भले ही साफ हो गया हो, मगर खेतों अभी भी जलभराव है। जो धान रोपाई के लिए पर्याप्त है। यहां तक कि रविवार को भी इसी जलभराव का लाभ लेते हुए रोपाई का कार्य जारी रहेगा।
इस समय धान रोपाई को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके बाद अगर इसको सिंचाई की कमी भी रहेगी तो भी उत्पादन में फर्क नहीं पड़ेगा।
हालांकि सावन की झड़ी लगना अभी शेष है, जिससे रोपाई की गई धान फसल अंतिम पड़ाव तक जरूर पहुंच जाएगी।
गर्मी और उमस से लोग परेशान
अखनूर। सीमावर्ती क्षेत्र में शनिवार को गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बारिश के बाद शनिवार सुबह से गर्मी और उमस से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी के चलते बिजली की कटौती भी होती रही। लोगों ने बताया कि बारिश के एक दिन बाद ही क्षेत्र में उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने उमस और गर्मी से परेशान होकर चिनाब दरिया के किनारे बैठ कर राहत ली। संवाद