आरएस पुरा। उपजिले में वीरवार सुबह पहली बार कोहरे व धुंध पड़ने के सर्दी के चलते लोगों को दिनभर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबक धुंध होने पर वाहन काफी धीमी गति से सड़कों पर चले। वहीं सर्दी के चलते लोग दिनभर कई स्थानों पर अलाव जला कर सर्दी से राहत पाते नजर आए।
दिनभर बादल छाए होने पर सूरज भी नहीं निकला, जिसके चलते इस बार सर्दी का अहसास होने पर लोगों ने अधिक गर्म कपडे़ पहनने के साथ टोपी व मफलर लगाना ही बेहतर समझा। रात के पारे में गिरावट आने से सर्दी बढ़ी है। वीरवार सुबह स्कूल जा रहे विद्यार्थी सर्दी से बचाव के लिए आवश्यक कार्य से घर से निकले। दोपहिया वाहन चालक भी सर्दी से बचने के जतन के साथ घर से निकले। बढ़ती सर्दी के बीच लोगों को कोरोना का डर भी सता रहा था। ऐसे में मास्क के उपयोग करते भी लोग नजर आए। अगर आने वाले दिनों में इसी प्रकार कोहरा व धुंध पड़ती रही तो किसानों द्वारा खेतों में लगाई गेहूं, सब्जियों सहित बरसीन पर इसका प्रभाव पड़ने पर किसानों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
बुजुर्ग किसान रामलाल ने कहा कि इस बार बारिश कम होने पर शुष्क सर्दी पड़ने पर लोगों को अनेक बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। तीन-चार दिन से पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्र में सर्दी में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अधिकारी का कहना है कि आने वाले दिनों में धुंध व कोहरा पड़ने के साथ मौसम सर्द बना रहेगा।