गेहूं की फसल को पानी की जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। कंडी क्षेत्र में पर्याप्त बारिश न होने से किसानों के चहरे मायूस हैं। किसान बाॅर्डर यूनियन के प्रधान मोहन सिंह भट्टी, प्रेम पाल चौधरी, बलबीर सिंह, भगवान चौधरी, बिल्लू चौधरी, सन्नी चौधरी, ने कहा की इस समय गेहूं की फसल को पानी की बहुत जरूरत है। कुछ किसानों ने पंपसेट से पानी लगा लिया है और कुछ बारिश का इंतजार कर रहे हैं। गेहूं की फसल सूखे की कगार पर है। मोहन सिंह भट्टी ने कहा कि सरकार के साथ-साथ इंद्र देवता भी सीमावर्ती किसानों से नाराज चल रहे हैं। नहरों की सफाई अच्छी तरह से हुई होती तो इस समय किसानों को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ता। भट्टी ने आरोप लगाया कि नहरी विभाग तो सिर्फ बड़े-बड़े ठेकेदारों को पालने के लिए है न कि किसानों को समय पर पानी देने के लिए।