कटड़ा। धर्मनगरी में सोमवार सुबह मूसलाधार बारिश के बीच पहाड़ी से गिरे पत्थरों की वजह से हिमकोटी बैटरी कार मार्ग बंद हो गया। मार्ग पर कीचड़, पत्थर और फिसलन से श्रद्धालुओं की आवाजाही पूरी तरह से बाधित रही। प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं को वैकल्पिक रूप से प्राचीन मार्ग से भवन और कटड़ा की तरफ भेजा। राहत और बचाव टीमों ने तत्परता से कार्य करते हुए स्थिति को संभाला। बोर्ड प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि बारिश थमने के बाद तुरंत जेसीबी लगाकर मार्ग से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलें और श्राइन बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। संवाद