बटोत, भद्रवाह, जम्मू और कटड़ा में जून की गर्मी ने पिछले साल का रिकाॅर्ड तोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू संभाग के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में जून की प्रचंड गर्मी रौद्र रूप दिखा रही है। जम्मू में लू के थपेड़ों के साथ आसमान से आग बरस रही है। संभाग के अन्य मैदानी इलाकों में भी यही हाल है। दोपहर को व्यस्त रहने वाली सड़कें सुनसान दिख रही हैं। जम्मू, बटोत, भद्रवाह और कटड़ा में शनिवार को जून की गर्मी ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कश्मीर में भी दिन में गर्मी का अहसास बढ़ा है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 18 जून तक जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में लू से राहत नहीं मिलेगी। 19 जून को कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। जम्मू में सुबह से ही गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया था। दिन चढ़ने के साथ गर्म हवाओं से हर कोई परेशान रहा। दोपहर को हालत ज्यादा खराब हो रही है। तेज धूप में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। यहां दिन का पारा सामान्य से 4.6 डिग्री चढ़कर 43.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 13 जून 2023 को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जम्मू में न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह बटोत में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री चढ़कर 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा और 24 जून 2023 को 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। भद्रवाह में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री चढ़कर 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 24 जून 2023 को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस रहा था। कटड़ा में दिन का पारा सामान्य से 3.6 डिग्री चढ़कर 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा और 10 जून 2023 को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। बनिहाल में अधिकतम तापमान 30.4, श्रीनगर में 30.0, पहलगाम में 23.7 और गुलमर्ग में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।