- मुगल रोड और किश्तवाड़-अनंतनाग हाईवे बंद, 17 तक ऐसा ही रहेगा मौसम
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार को कई इलाकों में बारिश और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से तापमान नीचे चला गया है। जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने अगले 24 घंटों के दौरान कश्मीर घाटी के दो जिलों कुपवाड़ा और गांदरबल के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
उधर, पुंछ-राजोरी को शोपियां से जोड़ने वाले मुगल रोड को बर्फबारी के कारण अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। किश्तवाड़ जिले में रविवार को दिन भी बारिश होती रही। सिंथन टॉप के साथ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई है। किश्तवाड़-अनंतनाग हाईवे बंद कर दिया गया है, ताकि सिंथन टॉप पर बर्फ के बीच कोई वाहन या यात्री न फंसे। मौसम विभाग के अनुसार 17 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर बारिश हो सकती है। रविवार को जम्मू में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि शनिवार से तीन डिग्री कम है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री। श्रीनगर में शनिवार को 20 डिग्री तक तापमान पहुंच गया था।
पूरे प्रदेश में रविवार को आसमान में बादल छाए रहे। राजोरी, पुंछ और श्रीनगर जिले में शनिवार रात से ही लगातार बारिश हो रही है। पीर पंजाल के पहाड़ों पर भी बारिश हुई। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। जेकेडीएमए ने कुपवाड़ा जिले और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिलों में 2400 मीटर से ऊपर ''''''''मध्यम खतरे'''''''' स्तर का हिमस्खलन होने की आशंका जताई है। विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और अगले आदेश तक हिमस्खलन-संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
-
आपात स्थिति में 112 डायल करें
अधिकारियों ने गांदरबल और कुपवाड़ा जिलों में रहने वाले लोगों से किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए 112 नंबर डायल करने के लिए कहा है।
कहां कितना न्यूनतम पारा (डिग्री सेल्सियस में)
गुलमर्ग 2.6
पहलगाम 5.7
कोकरनाग 8.6
कुपवाड़ा 9.0
काजीगुंड 9.4
श्रीनगर 10.0
बनिहाल 10.6
भद्रवाह 10.4
जम्मू 21.5
-
कहां कितनी बारिश (मिली मीटर में)
पहलगाम 32.4 एमएम
गुलमर्ग 17.4 एमएम
श्रीनगर 15 एमएम
कुपवाड़ा 11.6 एमएम
बनिहाल 27.6 एमएम
कटरा 8.6 एमएम
जम्मू 2.3 एमएम