फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: गुलमर्ग, पहलगाम सहित कई पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी, प्रदेश के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
- एक से दो मार्च तक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर/जम्मू। गुलमर्ग (4 इंच से अधिक) और पहलगाम (3 इंच से अधिक) के साथ कई पर्वतीय इलाकों में सोमवार की रात बर्फबारी हुई है। जोजिला पास, राजधान, साधना टॉप, मच्छिल, गुरेज, जेड गली आदि पर्वतीय क्षेत्रों में भी बर्फ की चादर बिछने से पारे में गिरावट आई है। जम्मू-कश्मीर में मार्च के शुरू में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक बार फिर मौसम करवट बदलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 1 से 2 मार्च को कुपवाड़ा, बारामुला, बांदीपोरा, गांदरबल, श्रीनगर, अनंतनाग, शोपियां, कुलगाम, रामबन, डोडा और किश्तवाड़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई हिस्सों में भारी से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
इसी तरह 2 मार्च को बड़गाम, पुलवामा, पुंछ, राजोरी, रियासी, जम्मू, सांबा, उधमपुर, कठुआ में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें भारी बारिश और बर्फबारी होगी। जम्मू संभाग के पीर पंजाल रेंज और कश्मीर संभाग के सिंथन दर्रा, शोपियां-पीर की गली, सोनमर्ग-जोजीला, बांदीपोरा-राजदान दर्रा, गुलमर्ग और कुपवाड़ा-साधना दर्रा के मध्य और ऊंचे इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है।
विज्ञापन


जम्मू में 15.6 से 64.4 मिलीमीटर तक हो सकती है बारिश
मौसम खराब होने की सूरत में जम्मू में 15.6 से 64.4 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। यही हाल पुंछ, बड़गाम, पुलवामा, राजोरी, रियासी, उधमपुर, सांबा, कठुआ में भी हो सकता है। इसी तरह कुपवाड़ा, बांदीपोरा, बारामुला, गांदरबल, अनंतनाग, शोपियां, कुलगाम, रामबन, डोडा, किश्तवाड़ में 64.5 से 115.4 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। 29 फरवरी की शाम से मौसम में बदलाव आएगा, जो जम्मू-कश्मीर के साथ आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। उत्तरी, मध्य और दक्षिण कश्मीर के कुछ स्थानों पर भारी से भारी हिमपात हो सकता है। जम्मू संभाग का पीर पंजाल क्षेत्र में बर्फबारी से प्रभावित होगा। इस अवधि में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
विज्ञापन


जम्मू-श्रीनगर हाईवे सहित अन्य मार्ग हो सकते हैं प्रभावित
खराब मौसम की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ अन्य आंतरिक मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। यात्रियों और पर्यटकों से प्रशासन और यातायात प्रशासन की एडवाइजरी के तहत सफर करने की सलाह जारी की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों को हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों और ढलान वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है। कुछ स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की संभावना है। तीन मार्च की दोपहर को मौसम में सुधार आएगा। किसानों को इस अवधि में सिंचाई और अन्य कृषि कार्य न करने की सलाह दी गई है। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में मौसम साफ रहा। जम्मू में अधिकतम तापमान 22.1 और सोमवार की रात का तापमान 9.9, कटड़ा में अधिकतम तापमान 20.2, श्रीनगर में 10.0, पहलगाम में 7.2, गुलमर्ग में 0.8 और लेह में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


कहां कितना न्यूनतम पारा (डिग्री सेल्सियस में)
लेह -9.9

गुलमर्ग -6.4

पहलगाम -1.3

कोकरनाग -0.3

कटड़ा 7.4

भद्रवाह 3.4

कठुआ 7.4
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें