जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में शनिवार को बारिश के आसार हैं। हालांकि दोपहर बाद मौसम खुल जाएगा। इस बीच शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे। 6 और 7 मई को भी कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। ऐसे मौसम में किसानों को कृषि संबंधी गतिविधियां जारी रखने की सलाह दी गई है। मौसम में बदलाव से फिलहाल गर्मी ने अभी जोर नहीं पकड़ा है। कश्मीर में मौसम सुहावना बना हुआ है।
श्रीनगर समेत कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार दोपहर बाद बादल छा गए थे। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा गिरकर 20.6, पहलगाम में 18.1 और गुलमर्ग में 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में दोपहर तक मौसम खुला रहा, जिसके बाद हल्के बादल छाए रहे। यहां दिन का तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री गिरकर 31.7 और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 24.0, बटोत में 23.9, कटड़ा में 28.7 और भद्रवाह में 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह में न्यूनतम तापमान 0.8, गुलमर्ग में 4.0 और पहलगाम में 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।