एसडीआरएफ की टीम ने संभाला मोर्चा, देर शाम तक नहीं लगा सुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। पहाड़ों पर बारिश से मैदानों में बरसाती नालों में जलस्तर बढ़ गया है। शनिवार को गांव तरेबा में उफनते नाले को पार करते समय तीन में से एक युवक बह गया। दोनों दोस्तों ने शोर मचाया, तो गांव के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया।
देर शाम तक तलाशी के दौरान युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। जानकारी के अनुसार लखविंदर कुमार पुत्र काला राम निवासी तरेबा और उसके दो दोस्त नाला पार कर खेतों में गए थे। खेतों से काम समाप्त करने के बाद जब वे वापस पहुंचे तो नाले का जलस्तर बढ़ चुका था। तीनों युवक नाला पार करने लगे। लखविंदर कुमार के दोनों दोस्त आगे चल रहे थे। नाले के मध्य पहुंचते ही लखविंदर को लगा कि वह नाला पार नहीं कर पाएगा और आधे रास्ते से वह पीछे मुड़ गया। परंतु पानी के तेज बहाव में बह गया। उसके दोनों साथी उसे डूबता देख शोर मचाने लगे। इस पर गांव के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने इसकी सूचना अरनिया पुलिस को दी। थाना प्रभारी अरनिया रऊफ खान घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना ने एसडीआरएफ की टीम को सूचित किया। एसडीआरएफ की टीम हादसे के दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद नाव के जरिए पूरे नाले को खंगाला, लेकिन देर शाम तक युवक का सुराग नहीं लगा।