-आल्हा में 11 दिन से पानी की सप्लाई बाधित, अधिकारी बोले-पहले रेत की समस्या करेंगे दूर
अरनिया। मॉडल विलेज आल्हा में 10 दिन से केबल तार जलने से ट्यूबवेल से जल आपूर्ति ठप थी। सोमवार के अंक में अमर उजाला ने लोगों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद सोमवार को ही जल शक्ति विभाग ने तार को बदल दिया। परंतु पानी में रेत आने से पानी की सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। जल शक्ति विभाग के एईई विकास गुप्ता ने बताया कि पानी में रेत आ रही है। इससे ट्यूबवेल का मोटर पंप जलने की संभावना है। एक्सईएन सिविल विंग को अर्जी देकर रेत की समस्या दूर करने के लिए लिखा है।
वहीं, दूसरी ओर जल शक्ति विभाग के ग्राउंड वाटर विंग के जूनियर इंजीनियर हरनीत सिंह ने बताया कि अभी कोई अर्जी नहीं मिली है। ट्यूबवेल की री डेवलपमेंट के लिए जब कहा जाएगा, उसे समय पर पूरा कर देंगे। वहीं, विभाग के सिविल विंग के एईई विनोद रैना ने कहा कि जल की आपूर्ति न होने की मुख्य वजह जला तार था। वहीं रेत आने की समस्या पर भी मंगलवार को संज्ञान लेंगे। जल्द जलापूर्ति शुरू करेंगे।
ग्रामीण बोले-बड़ा पंप सेट लगाने से आ रही रेत
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि ट्यूबवेल के अंदर बड़ा पंप सेट लगाया है, जिसके चलते पानी में रेत आ रही है। छोटा पंप जल जाने पर बड़ा पंप लगा दिया गया था। छोटा पंप सेट लगाया जाता है तो रेत की समस्या हल हो जाएगी।