- ट्यूबवेल बंद होने से दूसरे वार्ड से की जाएगी आपूर्ति, जरूरत के हिसाब से मिलेगा पानी
- सिद्दड़ा,मझाीन, ग्रेटर कैलाश, सैनिक कालोनी, त्रिकुटा नगर सहित अन्य इलाकों को जोड़ा जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में अब पेयजल की किल्लत के समाधान के लिए वार्डों को आपस में जोड़ा जाएगा। इस पर काम आगामी सप्ताह से शुरू हो जाएगा। इसके अंतर्गत सिद्दड़ा, मझीन, सुजवां, नरवाल, ग्रेटर कैलाश, सैनिक कालोनी, त्रिकुटा नगर, गंग्याल, सतवारी, कुंजवानी सहित अन्य इलाके आएंगे। जल शक्ति विभाग के अनुसार हर वार्ड को दूसरे वार्ड से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पानी की पाइपें बिछाने का काम आरंभ होगा।
गर्मी में अगर किसी वार्ड में पानी की कमी पेश आती है तो दूसरे वार्ड में लगे ट्यूबवेल से आपूर्ति की जाएगी। इससे जरूरत के हिसाब से पानी मिलता रहेगा। लोगों को पेयजल किल्लत का सामना नहीं करना पडेगा। अमृत-दो परियोजना पर 200 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। मौजूदा समय में स्थिति यह है कि सिद्दड़ा, मझीन, सुजवां, बठिंडी इलाकों में चार या पांच दिन बाद पानी की आपूर्ति हो रही है। लोगों को अपने तौर पर टैंकर मंगवाकर प्यास बुझानी पड़ रही है। इसी तरह ग्रेटर कैलाश, एक्सटेंशन त्रिकुटा नगर सहित अन्य इलाकों में ट्यूबवेल का जल स्तर गिरने के कारण पानी की आपूर्ति कम हो रही है। हर बार गर्मी में इन इलाकों में पानी की किल्लत रहती है। अब वार्ड आपस में जुड़ने होने से समस्या हल होने के आसार हैं।
21 नए, 64 पुराने ट्यूबवेल भी जुड़ेंगे
समस्या के निदान के लिए जल शक्ति विभाग 21 नए ट्यूबवेल लगाएगा। इसके अलावा 64 पहले लगे ट्यूबवेल और पेयजल स्टोरेज टैंकों को जोड़ा जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि अगर किसी वार्ड में पेयजल किल्लत है तो दूसरे वार्ड से आपूर्ति होगी।
कोट
वार्डों को आपस में जोड़ा जाएगा। आगामी सप्ताह से काम आरंभ हो रहा है। मौजूदा समय में पेयजल किल्लत कई इलाकों में चल रही है।
- अनिल गुप्ता, एक्सईएन, जल शक्ति विभाग