अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश की सबसे बड़ी थोक मंडी वेयर हाउस में सोमवार को दुकान में आग लग गई। जनरल स्टोर का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय पर मालिक और मजदूरों को पता चल गया और वे बचाव कार्य में जुट गए। इसी बीच दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए और आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
दरअसल, सुबह करीब साढ़े नौ बजे हाईटेंशन तारों से चिंगारियां निकलीं, जो प्रेम लाल एंड सन्स और तवी ट्रेडिंग की दुकान के ऊपर तिरपाल पर गिरीं। इसके बाद आग लग गई। दुकान में आलू, प्याज सहित बड़े स्तर पर जनरल स्टोर का सामान था। दुकान मालिक नरेंद्र कुमार का कहना है- बिजली की हाईटेंशन तारें बहुत पुरानी हैं, जो दुकानाें की छत को छूती हैं। गर्मी बढ़ने के कारण अब तारें गर्म होकर और नीचे आ गईं, जिससे चिंगारियों की वजह से आग लग गई। दूसरी ओर, दुकानदार अशोक शर्मा ने बताया- बिजली का ढांचा सही नहीं है। जब चिंगारियां निकली तो तार टूट कर नीचे गिर गए। इससे बिजली बंद हो गई। कई बार बिजली विभाग में एई को फोन किया। इसके बावजूद कोई नहीं पहुंचा। इससे पहले भी चार बार आग लग चुकी है। इस बारे में एक्सईएन राजेश शर्मा से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। चार से पांच बार प्रयास किया गया।
मजदूरों की सतर्कता से हादसा टला
मंडी प्रधान दीपक गुप्ता का कहना है - शुक्र है कि मजदूरों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया, नहीं तो बड़े स्तर पर जानी नुकसान हो सकता था। लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि उनके लिए गोदाम बनाया जाए, ताकि सुरक्षित व्यापार कर सकें, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। न ही वेयर हाउस में बिजली ढांचे में सुधार किया जा रहा है।
छंटाई के समय गिरा तार
दुकान में काम करने वाले मजदूर रत्न लाल का कहना है - वह प्याज को छांट रहा था, तभी बिजली का तार उसके आगे गिर गया। चिंगारियों के कारण आग लग गई। गनीमत रही कि तार उसके ऊपर नहीं गिरी, नहीं तो जान जा सकती थी।