संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। जम्मू-कश्मीर रेंज पुलिस मुख्यालय की तरफ शहीद डीएसपी गुलबदन सिंह भाऊ की याद आयोजित वालीबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया। बुधवार को फाइनल मुकाबला ज्यौड़ियां डिग्री कॉलेज में खेला गया। इसमें बॉर्डर लाइन क्लब पलांवाला ने मुकाबला जीत कर प्रतियोगिता अपने नाम की। समापन समारोह में डीआईजी जम्मू शक्ति कुमार पाठक मुख्य अतिथि और शहीद गुलबदन सिंह भाऊ की पत्नी डाॅ. सुषमा चिब विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
अंतिम दिन बुधवार को 04 मुकाबले (दो सेमीफाइनल, एक फाइनल और एक महिला वर्ग का मैच) खेला गया। पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में परगो वालीबॉल क्लब परगवाल ने रामगढ़ वारियर्स को 2-1 से और दूसरे सेमीफाइनल में बॉर्डर लाइन वालीबॉल क्लब पलांवाला ने वालीबॉल क्लब देवल बिलावर को 2-0 से शिकस्त दे कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में बॉर्डर लाइन क्लब पलांवाला ने पारगो वालीबॉल क्लब परगवाल को 2-1 से हराया कर प्रतियोगिता अपने नाम की। वहीं, महिला वर्ग के मुकाबले में त्रिकुटा क्लब जम्मू ने आर्मी चिल्ड्रन क्लब को 2-0 से हराया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत और शहीद गुलबदन सिंह भाऊ की तस्वीर पर फूल चढ़ाने के साथ की गई। इस प्रतियोगिता में जिला जम्मू, सांबा और कठुआ से पुरुषों की 16 और महिलाओं की तीन टीमों ने भाग लिया है। डीआईजी जम्मू शक्ति कुमार पाठक, एसएसपी राजिंदर कटोच और डॉ. सुषमा चिब ने विजेताओं को सम्मानित किया। इसमें विजेता टीम को 15 हजार रुपये, उपविजेता टीम को आठ हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं, महिला वर्ग की विजेता टीम को 7500 रुपये और उपविजेता टीम को चार हजार रुपये दे कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसपी ग्रामीण जम्मू राहुल चाढ़क, एसडीपीओ अखनूर मोहन लाल, एसएचओ अखनूर हरजीत सिंह, प्रभारी पुलिस चौकी ज्यौड़ियां करनैल सिंह, बीडीसी चेयरपर्सन भलवाल ब्राह्मण नेहा राजपूत, डीडीसी उपाध्यक्ष सूरज सिंह, डीडीसी सदस्य भूषण बराल, डिग्री कॉलेज ज्यौड़ियां की प्रधानाचार्य अनुराधा पंडोह और शहीद गुलबदन सिंह भाऊ के परिजन, रिशतेदार आदि मौजूद रहे।