ग्रामीण विकास विभाग के पंचायत सचिव ने पंचों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। गांव ब्यासपुर परलाह में बुधवार को उपायुक्त जम्मू सचिन कुमार वैश्य द्वारा लोगों की समस्याएं सुने जाने के बाद ग्रामीण विकास विभाग हरकत में आ गया है। वीरवार को गांव के पंचायत घर में विभाग के पंचायत सचिव सुनील कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान सभी पंचों से उन लोगों की सूची मांगी गई, जिनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नहीं आया है। मौके पर उनके नाम दर्ज कर अतिरिक्त सूची बनाई गई।
पंचायत सचिव ने बताया कि विभाग की तरफ से अतिरिक्त सूची तैयार की जा रही है। उसके बाद सूची में दर्ज लोगों के दस्तावेज जमा होंगे। फिर जमीनी स्तर पर उन घरों की जांच पड़ताल की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए व्यक्ति का कच्चा मकान, राशन कार्ड, बैंक पासबुक होना जरूरी है। जिन लोगों के मकान पक्के हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। उसके बाद सभी पंचों ने अपने वार्ड में योजना के तहत लोगों के नाम दर्ज करवाए। पंचों ने एमजी नरेगा के तहत कार्य करवाने के लिए कहा तो पंचायत सचिव ने कहा कि शुक्रवार से एमजी नरेगा के लिए काम शुरू करवा दिए जाएंगे। इसमें श्मशान घाट, सड़कों के किनारे उगी झाड़ियां की सफाई की जाएगी।
उसके बाद विकास कार्यों को लेकर बात हुई। इसमें पंचायत सचिव ने विकास कार्य बताए। सचिव ने पंचों से घर से कचरा उठाने के लिए डंपिंग साइट बताने के लिए कहा। उसके बाद पंचायत सचिव को डंपिंग साइट दिखाने के लिए ले जाया गया। उन्होंने कहा कि सभी पंच अपने वार्ड से कूड़ा डालने के लिए लोगों को जागरूक करें। महीने का शुल्क भी तय करें। ऑटो की व्यवस्था होने के बाद घर से कूड़ा उठाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। मौके पर पंच दर्शन कुंडल, सतपाल, सुरेंद्र कुमार, संजीव कुमार, आशा रानी, आदि मौजूद थे।