मैरा मान्द्रियां की बडुई पंचायत में पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। विकसित भारत संकल्प यात्रा बुधवार को मैरा मान्द्रियां ब्लॉक की बडुई पंचायत पहुंची। यहां बीडीओ ताहिर हफीज की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ, जिसमें डीडीसी सदस्य सुरेश शर्मा इसके मुख्यातिथि रहे। इसमें तहसीलदार ममता सुदर्शन, तहसील आपूर्ति अधिकारी प्रदीप बलगोत्रा, बीएमओ रितेश खुल्लर, आदि मौजूद थे।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। दिन भर चले कार्यक्रम में छात्रों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी कलात्मक प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने प्रधानमंत्री का वीडियो संदेश भी सुना, जिसमें इस यात्रा का महत्व समझाया गया। मौके पर प्रतिभागियों ने विकसित भारत बनाने में योगदान देने की शपथ भी ली। मुख्यातिथि ने कहा कि आज देश की बागडोर मजबूत हाथों में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बुलंदियों को छू रहा है। केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं से गरीबों व समाज के पिछड़े वर्ग का उत्थान हुआ है। उन्होंने लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। मौके पर नायब तहसीलदार तारा सिंह, हेड मास्टर विजय कुमार, सरपंच रशपाल शर्मा, पूर्व सरपंच मिल्खी राम, आदि उपस्थिति रहे।