अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। टमाटर की कीमत में 50 रुपये की मामूली कमी आने के बाद अदरक के दाम आसमान छू रहे हैं। मिर्च भी महंगाई की पिच पर शतक मारने में पीछे नहीं है। भारी बारिश से सब्जियों की आवक कम होने और मांग बढ़ने से कीमतों में तेजी आ गई है, जिससे रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। अदरक 300 से 350 रुपये प्रति किलो बिक रहा है तो धनिया 200 रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है।
सब्जी व्यापारियों के मुताबिक एक माह पूर्व 20 रुपये का धनिया अब 200 रुपये किलो पार है। टमाटर के बाद अदरक ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दुकानों में अदरक 300 से 350 रुपये किलो के बीच बिक रहा है। लहसुन का रेट 200 रुपये किलो है। हरी मिर्च 120 से 130 रुपये किलो पर मिल रही है। नरवाल मंडी के थोक सब्जी विक्रेता मन्नू पुरी का कहना है - देश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने से सब्जी की आवक नहीं हो पा रही। इसके चलते अदरक के साथ धनिया और मिर्च के दाम तेजी से बढ़ गए हैं।
परिवहन व्यवस्था ठप होने से आवक हुई कम
मंडी के व्यापारियों का कहना है कि टमाटर की कीमतों में मामूली 50 रुपये की कमी आई है। इस समय दुकानों में टमाटर 150 से 180 रुपये प्रति किलो के बीच बिक रहा है। 10 दिन पूर्व यही टमाटर 200 रुपये किलो तक बिक रहा था। वहीं, उत्तर भारत में भारी बारिश से परिवहन व्यवस्था बाधित हुई, जिससे लगातार सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। कम से कम 10 से 12 दिन तक सब्जियों की कीमत में आम लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं है। हाल ही जम्मू-कश्मीर, यूपी, हिमाचल सहित कई प्रदेशों में बाढ़ व भूस्खलन से फसलों के खराब होने से सब्जियों की आपूर्ति ठप हुई है।