- अतिरिक्त विषय शुरू करने के साथ ही ट्रांसपोर्ट की मिलेगी उचित व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। जम्मू विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर उमेश राय ने सोमवार को जड्ड गांव में बने कैंपस का दौरा कर वहां चल रहे कार्य का निरीक्षण करने के साथ ही वहां पर दी जा रही सुविधाओं के बारे में जाना। उन्होंने कैंपस का दौरा कर वहां पर मिलने वाली सुविधाएं जांची।
इस दौरान उनसे मिलने पहुंचे पूर्व सरपंच गौतम शर्मा, पंच सुनील शर्मा, चौकीदार मोहम्मद रज्जाक, लंबडदार मोहम्मद आरिफ ने बताया कि युनिवर्सिटी तक आने के लिए यातायात की उचित व्यवस्था नहीं है। साथ ही बिजली व पानी की भी सुविधा ठीक प्रकार से नहीं है, जिसको ठीक किया जाना चाहिए। साथ ही कैंपस में अभी तक सिर्फ एक विषय सोशियोलॉजी की पढ़ाई होती है।
लोगों ने मांग की है कि कैंपस में अन्य विषयों की भी पढ़ाई जल्द शुरू की जाए। वाइस चांसलर उमेश राय ने डीसी विशेष पाल महाजन को जिला मुख्यालय से जड्ड में बने कैंपस तक परिवहन की सुविधा सुचारू करने को कहा। इसके साथ ही कई अन्य अहम मुद्दों पर भी बात की। वाइस चांसलर ने आश्वासन दिया कि कैंपस में सभी प्रकार की जरूरी सुविधाएं मिलेगी। इस मौके पर उनके साथ प्रोफेसर मीना शर्मा व अन्य कर्मचारी
मौजूद रहे।