पौनी। बंदरों के आतंक के चलते क्षेत्र के किसानों ने अपने खेतों में फसलों का लगाना छोड़ दिया है। किसान जो भी फसल अथवा सब्जी अपने खेतों में लगाते हैं, बंदर उनको तहस नहस कर देते है। बंदरों का इतना आतंक है कि किसानों ने नए फलदार पौधे लगाना भी छोड़ दिया है। तहसील के गांव डब खालसा में मंगलवार को बागवानी विभाग की तरफ से लगाए गए जागरूकता शिविर में मौके पर मौजूद किसानों ने बंदरों के आतंक से अवगत कराया।
किसानों ने कहा कि कोई भी फसल खेत में लगाते हैं तो बंदर उसको खा जाते हैं। किसानों की समस्या को सुनते हुए निदेशक राम सेवक ने कहा कि विभाग जल्द ही एक ऐसे बिजली के तार किसानों को उपलब्ध कराएगा, जिसमें हल्का करंट दौड़ता रहता है। इससे सिर्फ बंदरों को ही हल्का झटका लगता है। इससे फसल बंदरों के आतंक से बच सकेगी। निदेेशक ने किसानों को नींबू, गर्गल, आम, आंवला, एलोवेरा, अमरूद के पौधे लगाने को कहा। इस दौरान सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं को भी जारी योजनाओं के बारे में बताते हुए इन का फायदा उठाने को कहा गया। मौके पर सरपंच सुषमा कुुमारी, सरपंच शाम लाल, सरपंच सुरज प्रकाश भी मौजूद रहे।