रियासी। पौनी मार्ग पर स्थित कांसीपट्टा में किराना और मिठाई की एक दुकान में आग लग गई। आग में दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। बताया जाता है कि कांसीपट्टा निवासी मोहम्मद असलम की दुकान पर मंगलवार बुधवार की रात को आग लग गई। आग लगने का पता सुबह होने पर चला, जब कुछ लोगों ने दुकान के भीतर से धुआं निकलते देखा। इसके बाद इसकी सूचना असलम को दी गई। दुकान खोलने के बाद उसमें देखा गया कि सारा सामान जल चुका था। उसमें से धुआं उठ रहा था, जिस पर पानी डाला गया। बाद में आग लगने की घटना की रिपोर्ट पुलिस स्टेशन तलवाड़ा में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट से लगी है। दुकानदार के अनुसार करीब चार लाख रुपये का सामान आग में जला है।