- पानी की किल्लत ने किया लोगों को परेशान, ज्यूल चौक, डोगरा बाजार, बख्शी नगर मोड़, रघुनाथ बाजार में सूखे रहे वाटर एटीएम
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मौसम साफ होने पर फिर से बिजली का लोड बढ़ गया है। दिन में दो से तीन घंटे की बिजली कटौती हुई। दोपहर के समय लोगों का पसीना छूटा। दोपहर 12 बजे लोड बढ़ने के कारण बिजली कटौती शुरू हुई है जो देर रात तक जारी रही।
बिजली कटौती के कारण शहर में पेयजल किल्लत से लोग परेशान रहे। भगवती नगर में पानी नहीं आया। वार्ड में करीब 12 हजार लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। मजबूरन लोगों को मंगलवार को टैंकर मंगवाने पड़े। इसके अलावा ज्यूल चौक, हरि मार्केट, डोगरा बाजार, बख्शी नगर, रघुनाथ बाजार में वाटर एटीएम सूखे रहे। लोगों को प्यास बुझाने में परेशानी आई। हालांकि पहले गर्मी में वाटर एटीएम से लोग ठंडा पानी पी रहे थे। जुलाखा मोहल्ला, जैन बाजार सहित पंजतीर्थी के कई इलाकों में पेयजल की किल्लत रही।
जानीपुर, सुभाष नगर, बख्शी में कुछ इलाकों में कम प्रेशर से पानी आया। इस कारण जरूरत पूरी नहीं हो पाई है। बख्शी नगर के गुढ़ा बख्शी और ऑटो लेन में पानी की किल्लत से लोग परेशान रहे। सिर्फ 20 मिनट तक पानी की आपूर्ति हुई है। त्रिकुटा नगर, शास्त्री नगर, नानक नगर में 30 मिनट तक पानी मिला है तो बठिंडी और सुजवां इलाकों में पेयजल किल्लत बरकरार रही। जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता संदीप डोगरा ने कहा कि बिजली कटौती के कारण दिक्कत आ रही है। गर्मी के कारण पहले की अपेक्षा पानी की मांग बढ़ी है। तापमान अनुकूल होने पर आपूर्ति सुचारू हो पाएगी।
कोट
गर्मी के कारण बिजली लोड बढ़ रहा है। इस कारण परेशानी आ रही है। तापमान सामान्य होने पर कटौती कम होगी। बिजली ढांचा गर्म हो रहा है।
- मनहर गुप्ता, मुख्य अभियंता, बिजली कारपोरेशन