चोरों ने रेडिमेड कपड़ों के शोरूम और मेडिकल शॉप को बनाया निशाना
पिछले हफ्ते चोरों ने लोहे की ग्रिल तोड़कर उड़ाया था एक लाख रुपये का सामान
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वीरवार देर रात बारिश के दौरान चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
शुक्रवार सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला। फुटेज में एक चोर दुकान के अंदर से नकदी चुरा रहा था। जानकारी के अनुसार हाईवे के किनारे ऑकटेव मेटल शोरूम के पिछले दरवाजे पर लगे ताले तोड़कर चोर दुकान के अंदर से कपड़े चोरी कर चंपत हो गए।
दुकान के मालिक विकास महाजन ने बताया कि उनके पिताजी अस्पताल में थे। सुबह बेटे ने फोन पर बताया कि दुकान के अंदर कपड़े बिखरे पड़े हैं। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया। डीएसपी भीष्म दूबे व थाना प्रभारी संदीप चाढ़क ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए थे और तार भी तोड़ दी गई थी।
विकास महाजन ने बताया कि पैंट व टीशर्ट चोरी हुई हैं, उनके अनुसार 50 हजार के कपड़े चोरी हुए हैं। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को भी उनकी दुकान पर चोरी हुई थी, तब चोरों ने दुकान के पीछे से सीढ़ी लगा कर छत पर गए व लोहे की ग्रिल को तोड़कर अंदर घुसे थे तब एक लाख का सामान चोरी हुआ था। अब दूसरी बार उनकी दुकान में चोरी हुई है। उन्होंने पुलिस से चोरों का पता लगाने की मांग की है।
उधर, कस्बे के बार्डर मार्ग बाजार में भवानी मेडिकल स्टोर के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी चोरी कर ली। चोरी की घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। दुकानदार के बेटे के अनुसार उनके पिता एक सप्ताह से बीमार हैं औ उन्हें पंजाब के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। आज उन्हें किसी ने बताया कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। जब वह दुकान पर पहुंचे तो दोनों ताले टूटे हुए थे। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज देखी, जिसमें एक चोर नकदी चुरा रहा था। चोर ने बारिश से बचने के लिए पॉलीथिन पहन रखा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक महीने में चार दुकानों के टूटे ताले
पिछले एक माह के दौरान चार दुकानें के ताले टूटे हैं। इससे पहले गत 29 अगस्त को स्कूटर स्पेयर पार्ट और मोहिंदर एंड सन्स की दुकान से नकदी व सामान चोरी हुआ था। वहीं ऑकटेव के शोरूम की दुकान से एक लाख का सामान चोरी हुआ था। वीरवार रात दो दुकानों के ताले टूटे हैं। अभी तक पुलिस ने किसी चोर को गिरफ्तार नहीं किया है।